कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल: 81 नए AICC सचिवों की नियुक्ति, 25 की विदाई
रायपुर/नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, पार्टी ने तत्काल प्रभाव से प्रदेश के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए नए चेहरों को मौका दिया है।
छत्तीसगढ़ को मिले दो नए AICC सचिव AICC की ओर से जारी नई सूची के मुताबिक, जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। इस फेरबदल के तहत अब तक प्रदेश की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय जांगिड और संपत कुमार को छत्तीसगढ़ के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा, जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से हटाकर नॉर्थ-ईस्ट (पूर्वोत्तर) के राज्यों का प्रभार सौंपा गया है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षक भर्ती परीक्षा से हटाई रोक, 2,292 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ
छत्तीसगढ़ के नेताओं के कद में बदलाव: किसे मिली जिम्मेदारी, कौन हटा? राष्ट्रीय स्तर पर हुए इस संगठनात्मक बदलाव का असर छत्तीसगढ़ के स्थानीय नेताओं की भूमिकाओं पर भी पड़ा है:
- इन्हें मिली नई जिम्मेदारी: युवा नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि नरेश ठाकुर को गुजरात PCC की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- इन्हें पद से हटाया गया: भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को गुजरात PCC के प्रभारी सचिव पद से हटा दिया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव पद पर कार्यरत रहे राजेश तिवारी को भी उनकी जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
देशभर के कई राज्यों और विभागों में भी नियुक्तियां केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह फेरबदल केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है। कांग्रेस आलाकमान ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित कई अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में भी AICC सचिवों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति की है। इसके साथ ही पार्टी के संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया जैसे प्रमुख विभागों में भी नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
इस बदलाव के बाद अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में नई प्रभारी टीम के नेतृत्व में आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।



