धमतरी: बस्तर जिले में गुणवत्ता जांच के दौरान मशहूर खाद्य ब्रांड ‘वीबा’ (Veeba) की एगलेस (अंडारहित) मेयोनीज के नमूने जांच में फेल हो गए हैं। कैली लैब भोपाल की आधिकारिक परीक्षण रिपोर्ट में उत्पाद में ‘प्रोपाइल गैलेट’ (Propyl Gallate) की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाई गई है, जिसके बाद प्रयोगशाला ने इसे खाने के लिए पूरी तरह असुरक्षित घोषित कर दिया है। बस्तर से आई इस रिपोर्ट के आधार पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग धमतरी ने भी जिले में संबंधित बैच की मेयोनीज के विक्रय, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
चाइनीज पकौड़े और मोमोज के साथ परोसी जा रही थी असुरक्षित मेयोनीज
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग धमतरी के अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव के अनुसार, फास्ट फूड सेंटरों और स्ट्रीट वेंडरों द्वारा मोमोज, चाइनीज पकौड़े, बर्गर, रोल और सैंडविच के साथ चटनी या सॉस के रूप में इस मेयोनीज का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा था। बस्तर में लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उपभोक्ताओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए यह कड़ा कदम उठाया गया है।
प्रतिबंधित बैच का विवरण: दुकानदार तुरंत हटाएं स्टॉक
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल एक विशेष बैच के उत्पाद पर यह पाबंदी लगाई गई है:
-
ब्रांड व उत्पाद: वीबा (Veeba) अंडारहित मेयोनीज
-
बैच नंबर: K-182 (के-182)
-
निर्माण तिथि (Mfg Date): 18 अप्रैल 2026
-
एक्सपायरी तिथि (Best Before): 17 जनवरी 2027
-
निर्माता कंपनी: वीआरबी कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, रीको इंडस्ट्रियल एरिया, गुर्जर केशवाना, कोटपूतली (राजस्थान)
-
खाद्य लाइसेंस नंबर: 10018013001531
स्ट्रीट फूड स्टालों पर सोमवार से चलेगा विशेष जांच अभियान
विभाग ने जिले के सभी थोक व खुदरा खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे इस बैच का स्टॉक अन्य खाद्य सामग्रियों से अलग रखें और खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियम 2017 के तहत इसे तत्काल सप्लायर को वापस भेजें। इसके अलावा, सोमवार से धमतरी शहर के स्ट्रीट फूड स्टालों, कैफे और रेस्टोरेंट्स पर विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रतिष्ठान में इस बैच की मेयोनीज का उपयोग होता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है ‘प्रोपाइल गैलेट’ और क्यों है यह खतरनाक?
प्रोपाइल गैलेट खाद्य पदार्थों में तेल और वसा के ऑक्सीकरण (खराब होने) को रोकने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक कृत्रिम एंटीऑक्सीडेंट (Food Additive) है। पैक्ड मेयोनीज को लंबे समय तक सुरक्षित और ताजा रखने के लिए इसका सीमित उपयोग अनुमत है। हालांकि, लैब जांच में इस बैच में प्रोपाइल गैलेट की मात्रा कानूनन तय सीमा से कहीं अधिक पाई गई, जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकती है।























