नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राज्य में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा इस संबंध में सभी संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग और जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लेना, केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना और प्रत्येक परिवार की सहभागिता के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान राज्य, जिला, विकासखण्ड और विद्यालय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
- 2.5 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत: विद्यालय स्तर पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता (अवधि: 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026, 7-10 दिवस)। नोडल विभाग: स्कूल शिक्षा विभाग।
- नमो सेवा गाथा (नुक्कड़ नाटक): प्रमुख स्थलों पर मंचन (अवधि: 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026)। नोडल विभाग: संस्कृति विभाग।
- रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल: एक निर्धारित दिवस पर अभियान अवधि के दौरान। नोडल विभाग: उच्च शिक्षा विभाग।
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए त्रि-स्तरीय नोडल अधिकारी बनाए गए हैं:
- जिला स्तर: जिला शिक्षा अधिकारी (जिला नोडल अधिकारी)
- विकासखण्ड स्तर: विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी
- विद्यालय स्तर: संबंधित संस्था के प्राचार्य / प्रधानपाठक
- राज्य नोडल अधिकारी: श्री हिमांशु भारतीय, उपसंचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर (मोबाइल नंबर: 9826574142) को राज्य नोडल अधिकारी बनाया गया है।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ-साथ पालक, जनप्रतिनिधि, स्वेच्छा से काम करने वाले संगठन, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाएं और आम नागरिक सक्रिय रूप से जुड़ें। साथ ही, यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आयोजनों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक व्यय न हो और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए।























