रायपुर:
छत्तीसगढ़ में आयुष चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। नवा रायपुर के सेक्टर-40 (उपरवारा) स्थित प्रदेश के पहले शासकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (NCH) से 63 सीटों पर बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BHMS) पाठ्यक्रम संचालित करने की सशर्त अनुमति मिल गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
इस कॉलेज के प्रारंभ होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को होम्योपैथी चिकित्सा की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों के संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के चिकित्सा आकलन एवं रेटिंग बोर्ड (MARB) ने अधोसंरचना, फैकल्टी और निर्धारित मानकों के गहन परीक्षण के बाद औपचारिक अनुमति पत्र जारी कर दिया है।
जुलाई में हुआ था निरीक्षण, 7 सितंबर की सुनवाई के बाद हरी झंडी
राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग की टीम ने महाविद्यालय की स्थापना और संसाधनों का भौतिक सत्यापन करने के लिए 21 और 22 जुलाई को परिसर का निरीक्षण किया था। इसके बाद 7 सितंबर को हुई सुनवाई और रिपोर्ट के आधार पर प्रवेश की अनुमति जारी की गई।
महाविद्यालय की सभी 63 सीटों पर दाखिले राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट सूची के आधार पर किए जाएंगे।
सीटों का कोटा और प्रवेश प्रक्रिया
-
अखिल भारतीय कोटा (AIQ): कुल सीटों में से न्यूनतम 15 प्रतिशत सीटें राष्ट्रीय कोटे के तहत आवंटित होंगी, जिनकी काउंसलिंग केंद्रीय स्तर पर होगी।
-
राज्य कोटा: शेष 85 प्रतिशत सीटों पर राज्य की सक्षम काउंसलिंग संस्था द्वारा नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
-
EWS आरक्षण शामिल: स्वीकृत 63 सीटों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित सीटें भी समाहित हैं।
-
पारदर्शिता व सूची प्रेषण: काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित छात्र-छात्राओं की श्रेणीवार सूची राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग को भेजी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री का बयान
“नवा रायपुर में प्रदेश के पहले शासकीय होम्योपैथी महाविद्यालय को प्रवेश की अनुमति मिलना आयुष चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे छत्तीसगढ़ के स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही राज्य में होम्योपैथी चिकित्सा में उच्च शिक्षा हासिल करने के नए और बेहतर अवसर मिलेंगे।”— श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़























