सीईओ अभिषेक कुमार ने कहा– विद्यार्थी लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर करें मेहनत।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्राचार्यों को कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित ।
जशपुर, 18 नवंबर 2026।
कलेक्टर रोहित व्यास और सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, ओपन लिंक्स फाउंडेशन एवं अवंती फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 11वीं एवं 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए जेईई/नीट काउंसलिंग एवं करियर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपना लक्ष्य निर्धारित करने और पूरी एकाग्रता के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बच्चों से कहा कि बदलती हुई प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रकृति और परीक्षा प्रणाली के अनुरूप स्वयं को तैयार करें और अपने करियर को लेकर जागरूक रहें। उन्होंने यह भी कहा कि इन क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन से न केवल विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि उनके परिवार को भी बेहतर अवसर और सम्मान मिलेगा।
उन्होंने बताया कि करियर के विकल्प केवल जेईई और नीट तक सीमित नहीं हैं। अन्य व्यावसायिक एवं प्रतियोगी क्षेत्रों में भी बेहतर भविष्य की संभावनाएं हैं। इसके लिए सही समय पर उचित मार्गदर्शन प्राप्त करना और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करना आवश्यक है।
सीईओ ने कहा कि विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन का उपयोग अध्ययन, ज्ञानवर्धन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए करें। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि वे इस आयु में जीवन के एक महत्वपूर्ण और निर्णायक चरण में हैं, इसलिए अपना अधिकतम समय पढ़ाई और लक्ष्य प्राप्ति में लगाएं। अच्छे महाविद्यालयों में प्रवेश मिलने से कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के अवसर भी मिलते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देश और यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता के समन्वय में संचालित इस कार्यक्रम में बताया गया कि जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को जेईई/नीट की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की जा रही है। अवंती पोर्टल की अभ्यास परीक्षाओं में 1810 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें से 670 प्रतिभावान विद्यार्थियों ने ओएमआर आधारित परीक्षा में भाग लिया तथा 200 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को आईआईटी स्कॉलर के माध्यम से मेंटरशिप प्रदान की जाएगी। मेंटर विद्यार्थियों को जेईई/नीट की तैयारी, विषयगत कठिनाइयों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
काउंसलिंग सत्र में अवंती फाउंडेशन के हर्षित कुमार और अमित कुमार सहित विशेषज्ञ टीम के द्वारा जेईई/नीट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। साथ ही करियर विकल्पों के विषय में बताया गया।
कार्यक्रम आयोजन के लिए यशस्वी जशपुर के सदस्य अवनीश पांडेय, ओपन लिंक्स फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर सोमनाथ साहू, विप्लव देवशर्मा, आनंद और भूपेंद्र कुमार सहित शिक्षक , पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



