17 से 20 नवंबर तक आयोजित होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम।
जशपुर।
कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर जिले में विज्ञान एवं गणित शिक्षण को अधिक रोचक, प्रयोगात्मक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से संचालित JashQuest कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर शिक्षकों का प्रयोगिक प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देशानुसार जिले में 17 से 20 नवंबर तक विज्ञान एवं गणित विषय के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विकासखंड स्तर पर अन्य शिक्षकों को प्रयोगिक गतिविधि कराने के साथ प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसमें विकासखंड की सभी शासकीय पूर्व माध्यमिक शालाओं के संबंधित विषय के शिक्षक शामिल हो रहे हैं।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस आज मनोरा, जशपुर एवं कांसाबेल विकासखंड में विज्ञान विषय का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को कक्षा 6वीं, 7वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों के लिए नवंबर माह में विद्यालयों में कराई जाने वाली विज्ञान की गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। इसके अंतर्गत नवंबर माह के लिए प्रत्येक कक्षा के लिए दो-दो गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार तीनों कक्षाओं के लिए कुल छह गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में नवंबर माह के दौरान विद्यार्थियों से निर्धारित दो गतिविधियां करवाएंगे और उन्हें इस स्टेम एक्सप्लोरेशन के लिए परियोजना कार्य भी देंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान की अवधारणाओं को केवल पुस्तकीय ज्ञान के माध्यम से नहीं, बल्कि स्वयं प्रयोग एवं गतिविधियां करके समझने का अवसर प्रदान करना है।
JashQuest कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान के साथ-साथ गणित विषय के शिक्षकों का प्रशिक्षण भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से प्रशिक्षण की यह व्यवस्था जिले के सभी शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालयों तक गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।सभी बीईओ की प्रायोगिक प्रशिक्षण आयोजन में विशेष भूमिका रही। मनोरा और जशपुर विकासखंड के प्रशिक्षण में शिक्षकों को थिंकटैक फाउंडेशन की ओर गौतम सिंह और यशस्वी जशपुर कार्यक्रम समन्वयक अवनीश पांडेय ने जशक्वेस्ट कार्यक्रम से संबंधित जानकारी दी।



