रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाओं व प्रोजेक्ट वर्क की तिथियां जारी कर दी हैं। प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में प्रायोगिक परीक्षाएं और प्रायोजना कार्य 1 से 20 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे। मंडल ने इस संबंध में सभी प्राचार्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
31 जनवरी तक अंक अपलोड करना अनिवार्य, सुधार का नहीं मिलेगा मौका मंडल द्वारा जारी निर्देशों के तहत स्कूलों को परीक्षा संपन्न कराने के बाद अंकों की प्रविष्टि में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है:
20 जनवरी तक परीक्षाएं पूरी कराकर 31 जनवरी तक परीक्षार्थियों के अंक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। तय समय-सीमा के बाद अंक अपलोड करने पर संस्थानों को प्रतिदिन 1,000 रुपये की दर से विलंब शुल्क देना होगा।पोर्टल पर एक बार अंक अपलोड होने के बाद उसमें दोबारा कोई संशोधन नहीं किया जा सकेगा, इसलिए प्राचार्यों को पूरी जांच के बाद ही अंक दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

बाह्य परीक्षक मंडल ही करेगा नियुक्त, खुद नियुक्ति पर परीक्षा होगी अमान्य प्रायोगिक परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मंडल ने सख्त नियम बनाए हैं:
प्रायोगिक परीक्षा के लिए बाह्य परीक्षक (External Examiner) की नियुक्ति स्वयं माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा की जाएगी। यदि कोई स्कूल अपने स्तर पर बाह्य परीक्षक नियुक्त करता है, तो वह परीक्षा अमान्य मानी जाएगी। हालांकि, प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन शाला के शिक्षक ही करेंगे।स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रायोगिक कार्यों के लिए पिछले वर्ष की बची हुई उत्तरपुस्तिकाओं का ही उपयोग करें।
फरवरी के अंतिम सप्ताह से मुख्य परीक्षाएं संभावित, ये हैं दो बड़े कारण सूत्रों के अनुसार, पिछले सत्र की तरह इस बार भी मुख्य बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू हो सकती हैं, जिसकी समय-सारिणी जल्द जारी होगी। फरवरी में परीक्षा कराने के पीछे दो प्रमुख वजहें हैं:
साल में दो बार परीक्षा:
मंडल वर्ष में दो बार 10वीं-12वीं की परीक्षाएं आयोजित कर रहा है। फरवरी में मुख्य परीक्षा होने पर ही द्वितीय परीक्षा जून में आयोजित हो सकेगी।
1 अप्रैल से नया सत्र:
आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 की शुरुआत 16 जून के स्थान पर 1 अप्रैल से होगी। परीक्षाएं अप्रैल तक खिंचने पर स्कूलों में बैठक व्यवस्था की समस्या खड़ी हो सकती है।



