Welcome to the CG Now
Saturday, Apr 19, 2025
कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन: : नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ और गांधी परिवार के समर्थन में सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेसी कार्यकर्ता
नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों को सीज करने और गांधी परिवार के खिलाफ ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल करने की कार्रवाई के विरोध में आज देशभर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस पार्टी ने ज़ोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर सहित सभी जिलों और तहसील मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।रायपुर में दोपहर 12 बजे ईडी कार्यालय के सामने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। पीसीसी अध्यक्ष के नेतृत्व में हुए इस धरना प्रदर्शन में विधायकों, पूर्व मंत्रियों, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और अन्य प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। "तानाशाही नहीं चलेगी", "हम गांधी के सिपाही हैं", जैसे नारों से प्रदर्शन स्थल गूंज उठा।कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर गांधी परिवार को बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उनका कहना था कि गांधी परिवार ने हमेशा राष्ट्रहित में काम किया है और भाजपा उनके त्याग और ईमानदारी से डरी हुई है।मंगलवार को दाखिल चार्जशीट में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे के नाम शामिल हैं। सुनवाई 25 अप्रैल को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में होगी। ईडी ने दिल्ली, लखनऊ और मुंबई में करीब 661 करोड़ रुपए की संपत्तियां सीज करने की कार्यवाही की है, जिसे कांग्रेस ने राजनीति से प्रेरित और द्वेषपूर्ण बताया है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई केवल गांधी परिवार पर हमला नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक प्रणाली और विपक्ष की आवाज़ को कुचलने की कोशिश है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता गांधी परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा है और कोई भी षड्यंत्र उन्हें झुका नहीं सकता।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने चेताया कि जब तक बदले की भावना से प्रेरित कार्रवाई बंद नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
Advertisment
जरूर पढ़ें