इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (रायपुर) के अंतर्गत संचालित अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान परियोजना के तहत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के वैज्ञानिकों ने गेहूं की एक नई उन्नत बायोफोर्टिफाइड किस्म ‘सीजी 1047’ (छत्तीसगढ़ ट्रॉम्बे कुमुद) विकसित करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
10 वर्षों के शोध और बार्क (BARC) का सहयोग
इस किस्म को लगभग 10 वर्षों के गहन अनुसंधान के बाद तैयार किया गया है, जिसमें गेहूं वैज्ञानिक (आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन) डॉ. अजय प्रकाश अग्रवाल की प्रमुख भूमिका रही।भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), ट्रॉम्बे (मुंबई) के वैज्ञानिकों के सहयोग से इसकी सूक्ष्म विशेषताओं का परीक्षण किया गया। इसका पैरेंट ‘एच.डब्ल्यू. 2004/पी.एस.एस. 725’ है।
पोषण और गुणवत्ता में अव्वल (बायोफोर्टिफाइड)
‘सीजी 1047’ न सिर्फ पैदावार बल्कि पोषण सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद समृद्ध है:इसमें आयरन 41.7 पीपीएम, जिंक 41.7 पीपीएम और प्रोटीन 12 प्रतिशत से अधिक पाया गया है। इसका चपाती मेकिंग स्कोर 8.0/10 तथा बिस्किट स्प्रेडिंग फैक्टर 8.7/10 दर्ज किया गया है, जिससे यह रोटियों के साथ-साथ बेकरी व बिस्किट निर्माण के लिए भी अत्यंत उपयुक्त है।
कम सिंचाई में अधिक उत्पादन और फसल की विशेषताएं
अधिसिंचित अवस्था में इसकी औसत पैदावार 36.7 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। यह मात्र 2 से 3 सिंचाई वाले क्षेत्रों में भी बेहतर उत्पादन देने में सक्षम है। 107 से 110 दिनों में पककर तैयार होने वाली इस फसल के पौधों की ऊंचाई 85–90 सेमी और दानों का रंग आकर्षक अम्बर (गेहुआं) है। 1000 दानों का वजन लगभग 41.5 ग्राम है।
राष्ट्रीय कार्यशाला में मिली आधिकारिक पहचान
राजस्थान के दुर्गापुरा (जयपुर) में 18 से 20 अगस्त 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान परियोजना की 65वीं कार्यशाला में इस किस्म को आधिकारिक पहचान मिली। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट के हाथों वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दिनेश पाण्डेय और वैज्ञानिक डॉ. अवनीत कुमार ने पहचान प्रमाण-पत्र प्राप्त किया।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के दिशा-निर्देशन, संचालक अनुसंधान डॉ. विवेक त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में वैज्ञानिकों के साझा प्रयास से संभव हुई है।























