मुख्यमंत्री निवास में प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद लिया गया निर्णय;
सीएम साय ने दंडात्मक कार्रवाइयां वापस लेने और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार रविवार को स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित उनके निवास पर प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल की हुई सकारात्मक मुलाकात के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया। इस हड़ताल (CG Patwari Strike Suspended) के स्थगित होने से प्रदेशभर के किसानों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है, वहीं धान खरीदी की व्यवस्थाओं को भी बिना किसी रुकावट के संचालित करने का रास्ता साफ हो
गया है।
गया है।सीएम विष्णु देव साय के आश्वासन के बाद लिया फैसला छत्तीसगढ़ में बीते 13 अक्टूबर से पीवी (भौतिक सत्यापन) एप में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों के विरोध में पटवारी लगातार आंदोलन कर रहे थे। राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर चल रहे इस आंदोलन को समाप्त कराने के लिए रविवार को मुख्यमंत्री निवास में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की मौजूदगी में हुई इस चर्चा में राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप और प्रतिनिधिमंडल ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद संघ ने आंदोलन स्थगित कर तुरंत काम पर लौटने की घोषणा कर दी।
दंडात्मक कार्रवाईयां होंगी शून्य, बनेगा विशेष पैनल
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्वस्त किया कि हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों पर की गई निलंबन, ‘ब्रेक इन सर्विस’, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी सभी प्रशासनिक व दंडात्मक कार्रवाइयों को वापस लेने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही, पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति के मामलों के समाधान के लिए तत्काल एक विशेष कमेटी गठित कर कार्रवाई करने का भरोसा भी दिया गया है। पटवारी संघ ने आंदोलन अवधि को कार्य दिवस मानते हुए नियमित वेतन जारी करने की भी मांग की है।
अटके राजस्व कार्यों और धान खरीदी को मिलेगी गति
पटवारियों की 41 दिनों की इस लंबी हड़ताल के कारण छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में आम लोगों और खासकर किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जमीन के नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और गिरदावरी से जुड़े हजारों मामले तहसील कार्यालयों में लंबित हो गए थे। इसके साथ ही, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक पटवारी प्रतिवेदन (रिपोर्ट) न मिल पाने से लोग तहसील के चक्कर काटने को मजबूर थे। अब पटवारियों के काम पर वापस लौटने से इन सभी अटके कार्यों में तेजी आएगी और CG Paddy Procurement 2026 की व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से चल सकेंगी।



