कैबिनेट ने कैलेंडर पर लगाई मुहर; लेकिन 15 अगस्त समेत इन बड़े त्योहारों पर नहीं मिलेगा अलग से अवकाश
रांची: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2027 के सार्वजनिक अवकाशों का कैलेंडर जारी कर दिया है। राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद जारी सूची के अनुसार, आगामी वर्ष 2027 में सरकारी कार्यालयों में कुल 41 सार्वजनिक छुट्टियां रहेंगी। इनमें एनआई (NI) एक्ट के तहत 23 राजपत्रित अवकाश और कार्यपालक आदेश के अंतर्गत 18 छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक रविवार को मिलने वाली नियमित साप्ताहिक छुट्टियां भी पूर्व की भांति जारी रहेंगी।
सालभर में मिलेंगे 23 राजपत्रित अवकाश, होली-छठ और दुर्गापूजा पर लंबी छुट्टियां
सरकार द्वारा जारी सूची के मुताबिक, वर्ष 2027 में एनआई एक्ट के तहत 23 प्रमुख पर्व-त्योहारों और राष्ट्रीय दिवसों पर राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है। इसकी शुरुआत 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस से होगी, जिसके बाद 06 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 22 मार्च को होलिका दहन, 23 मार्च को होली और 26 मार्च को गुड फ्राइडे का अवकाश रहेगा। अप्रैल महीने में 09 अप्रैल को सरहुल, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती की छुट्टी रहेगी। वहीं मई और जून में 17 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद), 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा/पंडित रघुनाथ मुर्मू जयंती और 16 जून को मुहर्रम का अवकाश निर्धारित किया गया है।
त्योहारी सीजन में भी रहेगा छुट्टियों का अंबार
साल के दूसरे हिस्से में भी कर्मचारियों को प्रमुख त्योहारों पर भरपूर अवकाश मिलेगा। कैलेंडर के अनुसार 25 अगस्त को जन्माष्टमी, 11 सितंबर को करमा पूजा और 02 अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती की छुट्टी रहेगी। शारदीय नवरात्र और दशहरे के दौरान 07 अक्तूबर को महाअष्टमी, 08 अक्तूबर को महानवमी और 09 अक्तूबर को विजयादशमी का राजपत्रित अवकाश रहेगा। इसके बाद 29 अक्तूबर को दीपावली, 04 नवंबर को सूर्य षष्ठी डाला छठ (सायं अर्घ्य), 05 नवंबर को छठ (प्रातः अर्घ्य) और 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी घोषित की गई है।
15 अगस्त समेत रविवार को पड़ने वाले पर्वों पर नहीं मिलेगी अलग छुट्टी
अवकाश नियमावली को लेकर राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो पर्व या राष्ट्रीय दिवस रविवार को पड़ेंगे, उनके लिए अलग से कोई अतिरिक्त अवकाश घोषित नहीं किया जाएगा। वर्ष 2027 में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), मिलाद-उन-नबी (ईद-ए-मिलाद) और गुरुनानक जयंती (14 नवंबर) रविवार के दिन पड़ रहे हैं, इसलिए कैलेंडर में इनके लिए अलग से छुट्टी नहीं दी गई है। हालांकि, सरकार ने यह भी साफ किया है कि ऐसे सरकारी प्रतिष्ठान या संस्थान जहां रविवार सामान्य कार्यदिवस होता है, वहां इन तिथियों पर कर्मचारियों को अवकाश का लाभ मिलेगा।



