जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर से गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में ठंड से बचने के लिए एक ढाबे के बाहर अलाव ताप रहे लोगों को मक्का से भरे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बुरी तरह कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
बोलेरो, कार और पिकअप को टक्कर मारते हुए पलटा बेकाबू ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना भेड़ाघाट थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे के पास हुई। मक्का लोड कर एक ट्रक शहपुरा की ओर से जबलपुर की तरफ तेज रफ्तार में आ रहा था। उस वक्त ढाबे के बाहर कुछ लोग खाना खा रहे थे और कुछ लोग ठंड से बचने के लिए आग जलाकर ताप रहे थे। इसी दौरान चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और बेकाबू ट्रक ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े एक बोलेरो, एक कार और एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद ट्रक सीधे आग ताप रहे लोगों की ओर मुड़ गया और पांच लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
तीन परिवारों की उजड़ी खुशियां, दो घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
इस भीषण टक्कर की चपेट में आने से तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान रामपुर (गोरखपुर क्षेत्र) निवासी मोनू भंडारी, मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के निवासी बलराम सिंह और ढाबे में काम करने वाले कर्मचारी धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में की है। तीनों की मौत की खबर से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सोनू और ढाबा संचालक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
ट्रक चालक गिरफ्तार, नशे में वाहन चलाने की आशंका पर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। भेड़ाघाट थाने के सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, जिसे देखते हुए पुलिस मेडिकल जांच करा रही है और हादसे की वास्तविक वजहों तथा वाहन की रफ्तार को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: साल 2027 में मिलेंगी 41 सार्वजनिक छुट्टियां



