90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा एक बार फिर बॉलीवुड में नई शुरुआत करने जा रहे हैं। अभिनेता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी नई फिल्म ‘Roopa’ की आधिकारिक घोषणा की। इस फिल्म के जरिए वह लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। खास बात यह है कि फिल्म का निर्माण भी खुद गोविंदा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने फिल्म का पहला पोस्टर लॉन्च किया और नई अभिनेत्री रानी स्वरांकर को लीड रोल में पेश किया।

- ‘लोग कहते थे अब फिल्मों में नहीं दिखूंगा’ – गोविंदा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोविंदा ने अपने संघर्ष और वापसी पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कई बार लोगों ने मान लिया था कि अब वह फिल्मों में नजर नहीं आएंगे, लेकिन हर बार उन्होंने नई शुरुआत की।
गोविंदा ने कहा, “शायद मेरी किस्मत में कई बार खत्म समझा जाना लिखा था। लोग कहते थे कि अब मैं फिल्मों में नहीं दिखूंगा, लेकिन मैं हर बार फिर से शुरू हुआ। मुझे उम्मीद है कि ‘Roopa’ लोगों की उम्मीदों से बढ़कर साबित होगी और अपना जादू दिखाएगी।”
- युवाओं को प्रेरित करेगी ‘Roopa’
गोविंदा के मुताबिक यह फिल्म खासतौर पर युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उनका मानना है कि फिल्म देखने के बाद युवा अपने सपनों पर विश्वास करेंगे और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि “जब युवा इस फिल्म को सिनेमाघरों में देखेंगे, तो उन्हें यह भरोसा मिलेगा कि सपने सच हो सकते हैं।”
फिल्म ‘Roopa’ के जरिए गोविंदा न सिर्फ अभिनय में वापसी कर रहे हैं, बल्कि निर्माता के रूप में भी नई जिम्मेदारी निभा रहे हैं। नई अभिनेत्री रानी स्वरांकर के साथ यह फिल्म उनके करियर की नई शुरुआत मानी जा रही है। अब देखना होगा कि दर्शक गोविंदा की इस वापसी को कितना पसंद करते हैं।

