नई दिल्ली: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है। सरकार के इस फैसले से देश के करीब 48 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी घोषणा की।
केंद्रीय कर्मचारियोंका 3 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता अब 60% से बढ़कर 63% हो गया है। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी कर्मचारियों को जुलाई से अक्टूबर तक के चार महीनों का एरियर (बकाया राशि) दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से राजकोष पर लगभग 10,016 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक बोझ आएगा। 7वें वेतन आयोग के साथ-साथ छठे (6th) और पांचवें (5th) वेतन आयोग के दायरे में आने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स के भत्तों में भी इसी अनुपात में बढ़ोतरी की गई है।
कितनी बढ़ेगी सैलरी और पेंशन? (उदाहरण)
यदि किसी केंद्रीय कर्मचारी का मूल वेतन (Basic Salary) 18,000 रुपये है, तो 60% के हिसाब से उन्हें 10,800 रुपये डीए मिल रहा था। अब 63% की दर से यह बढ़कर 11,340 रुपये हो जाएगा (यानी प्रति माह 540 रुपये की सीधी बढ़ोतरी)।
यदि किसी पेंशनभोगी की बेसिक पेंशन 9,000 रुपये है, तो 60% के तहत उन्हें अब तक 5,400 रुपये डीआर मिल रहा था, जो अब बढ़कर 5,670 रुपये हो जाएगा।
त्योहारों के इस सीजन में सरकार के इस कदम से सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।


