ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए रात के समय मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट्स के इस्तेमाल पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक, अब ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच कोचों के मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट अनिवार्य रूप से बंद रहेंगे।
इस संबंध में रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी (विद्युत इंजीनियरिंग) शोभित गुप्ता की ओर से 26 अक्टूबर को सभी जोनल रेलवे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को एक औपचारिक पत्र जारी किया गया है।
सुरक्षा कारणों से उठाया गया कदम रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला हालिया समय में ट्रेनों के अंदर बिजली के शार्ट सर्किट या ओवरलोडिंग से जुड़ी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और रात के वक्त सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से लिया गया है। अक्सर रात के समय अनधिकृत या अत्यधिक उपयोग से शॉर्ट सर्किट का खतरा बना रहता है, जिससे निपटने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
सख्ती से पालन के निर्देश रेलवे बोर्ड ने अपने इस आदेश में स्पष्ट किया है कि इस समयावधि (रात 11 बजे से सुबह 5 बजे) के दौरान चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने के नियमों में किसी भी तरह की ढील या छूट नहीं दी जाएगी। सभी जोनल रेलवे को इन निर्देशों का अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
ऐसे में जो यात्री रात के सफर के दौरान मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करने की सोच रहे हैं, उन्हें अब यात्रा शुरू करने से पहले ही अपने गैजेट्स पूरी तरह चार्ज करके रखने होंगे या पावर बैंक का इस्तेमाल करना होगा।


