रायपुर। वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों और एसआईआर (SIR) के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। देशव्यापी आंदोलन के तहत राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रायपुर में राजीव गांधी की प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक निकाले गए पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाने और उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग उठाई है।
दिग्गज नेताओं की अगुवाई में निकला कलेक्ट्रेट घेराव मार्च
राजधानी में आयोजित इस विशाल पैदल मार्च का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC चीफ) दीपक बैज और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने किया। मार्च में कांग्रेस विधायक, पूर्व मंत्री, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर चुनाव आयोग व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े।
घड़ी चौक पर भारी बैरिकेडिंग, पुलिस और कार्यकर्ताओं में झूमाझटकी
पैदल मार्च जैसे ही शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक के पास पहुंचा, पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। कलेक्ट्रेट की ओर आगे बढ़ने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। पुलिस ने कड़ा घेरा बनाकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका, जिसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
PM मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर और मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर कर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है और चुनाव आयोग निष्पक्षता खो चुका है।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने दो टूक कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की रीढ़ हैं। जब तक मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जाती और मुख्य चुनाव आयुक्त पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक अपना यह विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।























