रायपुर
छत्तीसगढ़ में संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद साधने के उद्देश्य से कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत 16 और 17 नवंबर को राज्य के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, मैनपाट, सरगुजा और सूरजपुर क्षेत्र में सघन दौरा कर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ स्तरीय जन चौपालों में हिस्सा लेंगे।
शंख नदी सीमा पर होगा भव्य स्वागत
तय कार्यक्रम के अनुसार, सुखदेव भगत 16 नवंबर को सुबह 9 बजे लोहरदगा से रवाना होंगे। सुबह 11 बजे शंख नदी के पास छत्तीसगढ़ सीमा पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे अघोरेश्वर सोगड़ा आश्रम, जशपुर पहुंचकर दर्शन करेंगे।

पहले दिन तीन विधानसभा क्षेत्रों में जन चौपाल
दौरे के पहले दिन सुखदेव भगत का मुख्य जोर बूथ स्तर की जमावट पर रहेगा:
-
बालाछापर (जशपुर): दोपहर 12:45 बजे पहली बूथ स्तरीय जन चौपाल।
-
पतराटोली (कुनकुरी): दोपहर 1:30 बजे दूसरी चौपाल में कार्यकर्ताओं से संवाद। इसके बाद वे कुनकुरी कैथोलिक चर्च में बिशप से सौजन्य भेंट करेंगे और हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन करेंगे।
-
कांसाबेल (पत्थलगांव): शाम 4:45 बजे तीसरी जन चौपाल में शामिल होकर चुनावी व सांगठनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि, मैनपाट में रात्रि विश्राम
शाम 5:15 बजे सुखदेव भगत पत्थलगांव पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी के दिवंगत उपाध्यक्ष स्वर्गीय हरगोविंद अग्रवाल के निवास जाएंगे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे सीतापुर होते हुए मैनपाट के कमलेश्वरपुर पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा।
दूसरे दिन सरगुजा और सूरजपुर पर फोकस
दौरे के दूसरे दिन, 17 नवंबर को सुबह 10 बजे मैनपाट में दर्शन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद वे सरगुजा और सूरजपुर जिले के विभिन्न निर्धारित सांगठनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ (सरगुजा संभाग) में पार्टी की पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के लिहाज से प्रदेश प्रभारी का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।




