भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देश की युवा पीढ़ी यानी ‘जेन जी’ (Gen Z) को साधने और उनसे सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पार्टी और मंत्रियों को विश्वविद्यालयों व सरकारी स्कूलों में युवाओं से निरंतर संवाद स्थापित करने के दिए गए निर्देशों के बाद उठाया गया है।
विशेष टीम में दिग्गज नेताओं को मिली जगह
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) के अनुसार, युवाओं से संवाद और समन्वय के लिए बनाई गई इस विशेष टीम में पार्टी के प्रमुख चेहरों को शामिल किया गया है:
-
राष्ट्रीय अध्यक्ष: नितिन नवीन
-
राष्ट्रीय महासचिव: स्मृति ईरानी एवं विनोद तावड़े
-
प्रमुख राज्य मंत्री: गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी
-
इस टीम के साथ अन्य युवा व अनुभवी नेताओं को भी विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शिक्षा, रोजगार और परीक्षा सुधार पर रहेगा फोकस
बीजेपी का यह अभियान ‘जेन जी’ की सोच, उनकी आकांक्षाओं और प्राथमिकताओं को समझने पर केंद्रित रहेगा:रोजगार के नए अवसर, उच्च शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और भविष्य के करियर जैसे विषयों पर युवाओं से खुली चर्चा होगी।टीम के सदस्य सीधे विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और सरकारी स्कूलों के छात्रों से मुखातिब होंगे ताकि युवाओं की चिंताओं का सीधा समाधान निकाला जा सके।
विपक्ष भी सक्रिय: पुणे में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
युवाओं को लेकर सियासी घमासान तेज है। कांग्रेस भी छात्र वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पुणे के एआईएसएसएमएस कॉलेज मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इससे पहले कोटा, देहरादून और प्रयागराज में ऐसे संवाद हो चुके हैं। इस कार्यक्रम में पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताएं और बढ़ती शिक्षण फीस जैसे मुद्दों पर चर्चा केंद्रित रहेगी।
बीजेपी का कांग्रेस पर पलटवार
बीजेपी प्रवक्ता नवनाथ बन ने कांग्रेस के पुणे कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए इसे ‘पैसे की गूंज’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने और प्रचार के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को 35 हजार रुपये तक की पेशकश की गई है। हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
नई राष्ट्रीय टीम ने संभाला कामकाज
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में शनिवार को नई राष्ट्रीय टीम की औपचारिक परिचयात्मक बैठक हुई। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ नई टीम ने विधिवत कार्यभार संभाला। संगठन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष तथा राजस्थान के राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी और सतीश पूनिया सहित कई नेताओं को महासचिव पद पर नियुक्त किया गया है।























