रायपुर:
छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राज्य सरकार ने राहत का एक बड़ा ऐलान किया है. कबीर जयंती महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल लंबे समय से बकाया है, उन्हें अब भुगतान के लिए तीन महीने की अतिरिक्त मोहलत दी जाएगी. सरकार के इस फैसले से प्रदेश के उन हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी जो लंबे समय से सरचार्ज के बोझ तले दबे हुए थे.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश में ऐसे कई उपभोक्ता हैं, जो किसी न किसी वजह से लंबे समय से अपना बिजली बिल जमा नहीं कर पाए हैं. ऐसे सभी उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह विशेष अवधि देने का निर्णय लिया है ताकि लोगों पर से आर्थिक बोझ को कम किया जा सके. इस तीन महीने की निर्धारित छूट अवधि के दौरान बकाया बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं से किसी भी प्रकार का सरचार्ज (अतिरिक्त शुल्क) नहीं वसूला जाएगा.
10 प्रतिशत की विशेष छूट का भी मिलेगा लाभ
सरकार की यह योजना केवल सरचार्ज माफी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं को दोहरा लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा की है. इस तय समय-सीमा के भीतर अपने लंबित बिजली बिल का पूरा भुगतान करने वाले पात्र उपभोक्ताओं को मूल बकाया राशि पर 10% की विशेष छूट भी दी जाएगी. इस रियायत के बाद उपभोक्ता काफी कम राशि देकर अपने पुराने बिलों से पूरी तरह मुक्ति पा सकेंगे.
समय पर योजना का लाभ लेने की अपील
राज्य सरकार और बिजली वितरण कंपनियों ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस सीमित समय वाली राहत योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अगले तीन महीने के भीतर अपने लंबित देयकों का भुगतान सुनिश्चित करें. प्रशासन का मानना है कि इस कदम से जहां एक तरफ आम जनता और किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ बिजली कंपनियों को भी अपनी लंबे समय से फंसी बकाया राशि की वसूली करने में बड़ी मदद मिलेगी.

