रायपुर : छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कांग्रेस के प्रदेश सह-प्रभारी सुखदेव भगत सोमवार से सरगुजा संभाग के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस प्रवास के दौरान वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों का सघन दौरा करेंगे। राजनीतिक गलियारों में उनके इस दौरे को कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी रणनीतियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान वे ‘जन चौपाल’ के माध्यम से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा फीडबैक लेंगे।
पहले दिन जशपुर जिले में स्वागत और बैठकें, मैनपाट में रात्रि विश्राम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुखदेव भगत सोमवार को झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करेंगे। शंख नदी के पास प्रदेश की सीमा पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों और बैठकों में शामिल होंगे। पहले दिन के कार्यक्रमों के समापन के बाद उनका रात्रि विश्राम सरगुजा के मैनपाट में प्रस्तावित है।
दूसरे दिन कोल ब्लॉक प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद
दौरे के दूसरे दिन (मंगलवार) भगत मैनपाट से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां बूथ स्तरीय ‘जन चौपाल’ में शामिल होने के बाद वे ग्राम साल्ही जाएंगे, जहां वे परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों के साथ विशेष बैठक करेंगे। इस दौरान कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े स्थानीय मुद्दों, विस्थापन और ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीर चर्चा होगी। इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली मेंद्रा में जन चौपाल में शिरकत करेंगे और शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
तीसरे दिन राजीव भवन में मंथन, बलरामपुर के बाद लौटेंगे लोहरदगा
प्रवास के अंतिम दिन (बुधवार) भगत अंबिकापुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय ‘राजीव भवन’ में जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक लेंगे। इस बैठक में अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक कामकाज और मजबूती पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके उपरांत वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचेंगे, जहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम को वापस लोहरदगा (झारखंड) के लिए रवाना हो जाएंगे।



