दिल की बीमारी का इलाज कराने जशपुर से रायपुर आए पुलिस आरक्षक देव नारायण सिंह ने मोवा स्थित श्री बालाजी अस्पताल की पहली मंजिल से कूदकर जान दे दी। गंभीर रूप से घायल आरक्षक को तत्काल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक देव नारायण सिंह जशपुर जिले में पदस्थ थे और हृदय रोग से पीड़ित होने के चलते उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। चिकित्सकों ने जांच के बाद दो दिन बाद उनकी हार्ट सर्जरी करने का समय तय किया था। बताया जा रहा है कि वह अपनी आगामी सर्जरी को लेकर मानसिक तनाव में चल रहे थे। इसी दौरान गुरुवार को उन्होंने अचानक अस्पताल की पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी।
घटना के तुरंत बाद अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें गंभीर हालत में आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन, ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ और आरक्षक के परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने यह आत्मघाती कदम केवल बीमारी के तनाव में उठाया या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।























