रायपुर:
राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत दी है। शासन ने शासकीय और निजी महाविद्यालयों में रिक्त सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। इस संबंध में विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
पूर्व में निर्धारित समय-सीमा के तहत प्राचार्य स्तर पर 31 जुलाई और कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक दाखिले की अनुमति थी। इसके बावजूद कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई थीं और विशेष रूप से दूर-दराज व ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए शासन ने यह फैसला लिया है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल ध्येय हर वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते इस अवसर का लाभ उठाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें, ताकि एकेडमिक कैलेंडर और सेमेस्टर परीक्षाएं निर्धारित समय पर सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

