नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य में शामिल शिक्षकों और कर्मचारियों के मानदेय भुगतान को लेकर नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने सभी स्पॉट इवैल्यूएशन केंद्रों के मुख्य नोडल सुपरवाइजर (CNS) को निर्देश दिया है कि वे इंटीग्रेटेड पेमेंट सिस्टम (IPS) स्पॉट इवैल्यूएशन पोर्टल 2026 पर मूल्यांकन से जुड़े डाटा की गहन जांच कर भुगतान विवरण जमा करें। इस पूरी प्रक्रिया को पूरा कर डाटा फ्रीज करने के लिए 26 नवंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
16 सितंबर को शुरू हुआ था पोर्टल, अब OSM डाटा हुआ अपडेट
गौरतलब है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल मुख्य नोडल सुपरवाइजर, हेड एग्जामिनर, एग्जामिनर और अन्य कर्मचारियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सीबीएसई ने 16 सितंबर 2026 को आईपीएस स्पॉट इवैल्यूएशन पोर्टल शुरू किया था। अब बोर्ड ने पोर्टल पर वास्तविक ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) मूल्यांकन डाटा अपडेट कर दिया है, साथ ही नई जानकारी दर्ज करने और पहले से भरे गए विवरण में त्रुटि सुधार के विकल्प भी सक्रिय कर दिए हैं।
कक्षा 10वीं और 12वीं के डाटा को लेकर अलग-अलग व्यवस्था
कक्षा 12वीं के लिए रिकॉर्ड जांच:
पोर्टल पर 12वीं का वास्तविक ओएसएम डाटा उपलब्ध करा दिया गया है। इसमें हेड एग्जामिनर, असिस्टेंट हेड एग्जामिनर (AHE) और एग्जामिनर का विवरण पहले से दर्ज है। सीएनएस को शिक्षकों व कर्मचारियों के नामों की स्पेलिंग, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी (IFSC) कोड, मोबाइल नंबर और OASIS ID की बारीकी से जांच कर अपडेट करना होगा।
कक्षा 10वीं के लिए नया फीचर
कक्षा 10वीं के मूल्यांकन के लिए बोर्ड ने पोर्टल पर मूल्यांकन की तारीखें दर्ज करने का नया विकल्प शुरू किया है। यदि पहले से जमा जानकारी में कोई त्रुटि है, तो उसे भी संशोधित किया जा सकता है।
OSM में लॉगिन दर्ज न होने पर भी नहीं रुकेगा शिक्षकों का भुगतान
सीबीएसई ने शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों ने मूल्यांकन केंद्र पर पूरे दिन काम किया है, लेकिन किसी तकनीकी कारण से उनका लॉगिन विवरण ओएसएम सिस्टम में दर्ज नहीं हो पाया, वे भी उस दिन के भुगतान के पूर्ण पात्र होंगे। ऐसे मामलों में सीएनएस को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय (Regional Office) में भुगतान का दावा प्रस्तुत करना होगा, जिसके सत्यापन के बाद राशि जारी की जाएगी।
डाटा एंट्री और सर्टिफिकेशन के लिए इन 5 नियमों का पालन अनिवार्य बोर्ड ने सीएनएस को पोर्टल पर जानकारी भरने के लिए एक निश्चित क्रम तय किया है:
-
सबसे पहले मुख्य नोडल सुपरवाइजर (CNS) अपना स्वयं का विवरण दर्ज करें।
-
इसके बाद हेड एग्जामिनर की जानकारी भरें।
-
तत्पश्चात अन्य पदाधिकारियों और सहायक कर्मचारियों का विवरण दर्ज करें।
-
केवल उन्हीं दिनों का विवरण भरें, जिन दिनों संबंधित कर्मचारियों ने वास्तव में कार्य किया है।
-
सबमिट करने से पहले बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड का अनिवार्य रूप से मिलान कर लें।
एक बार सर्टिफाई होने के बाद नहीं हो सकेगा कोई बदलाव
सभी विवरण भरने के बाद सीएनएस को पोर्टल पर उपलब्ध ‘Validate Data’ विकल्प का उपयोग करना होगा, ताकि किसी भी संभावित त्रुटि की पहचान कर उसे सुधारा जा सके। इसके बाद भुगतान विवरण को फ्रीज कर सर्टिफिकेशन करना होगा। सीबीएसई ने सख्त चेतावनी दी है कि एक बार डाटा सर्टिफाई होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा और भुगतान केवल प्रमाणित डाटा के आधार पर ही किया जाएगा। इसलिए किसी भी देरी या त्रुटि से बचने के लिए सीएनएस व्यक्तिगत रूप से सभी रिकॉर्ड की जांच सुनिश्चित करें।



