CG NOW | शिक्षा समाचार
रायपुर
छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की तारीखों में बदलाव की संभावना बढ़ गई है। इस बार फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं शुरू होना मुश्किल माना जा रहा है। जनगणना कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के चलते छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल परीक्षा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहा है। संभावना है कि परीक्षाएं मार्च के दूसरे सप्ताह में शुरू हों। इसके लिए 7 से 10 मार्च के बीच की तारीखों पर विचार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जनगणना कार्य से प्रभावित हो सकती है परीक्षा व्यवस्था
बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। परीक्षा केंद्रों में पर्यवेक्षक, केंद्राध्यक्ष और अन्य व्यवस्थाओं के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों की जरूरत पड़ती है। वहीं जनगणना कार्य में भी शिक्षकों की तैनाती होने से परीक्षा संचालन प्रभावित होने की आशंका है। इसी वजह से शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा मंडल परीक्षा की समय-सारणी को लेकर मंथन कर रहे हैं।
ओडिशा बोर्ड ने 12 मार्च से परीक्षा का किया ऐलान
इस बीच पड़ोसी राज्य ओडिशा ने दसवीं बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। वहां परीक्षाएं 12 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित होंगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। गणित विषय के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा।
ओडिशा की परीक्षा समय-सारणी के बाद छत्तीसगढ़ में भी मार्च के दूसरे सप्ताह के आसपास परीक्षाएं शुरू होने की संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि दोनों राज्यों की परीक्षा तिथियां अलग-अलग निर्धारित होंगी।
5 लाख 71 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के लिए इस वर्ष कुल 5,71,143 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ है।कक्षा 10वीं में 3,31,085 विद्यार्थी और कक्षा 12वीं में 2,40,058 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम में होने वाला बदलाव प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों की पढ़ाई और तैयारी की योजना को प्रभावित कर सकता है।
आधिकारिक समय-सारणी का इंतजार
पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू हुई थीं। लेकिन इस बार जनगणना की जिम्मेदारियों के कारण परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की संभावना है। फिलहाल 7 से 10 मार्च के बीच परीक्षा शुरू होने का अनुमान है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से अंतिम समय-सारणी जारी होने के बाद ही वास्तविक तारीखें स्पष्ट होंगी।
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा की मार्च में शुरुआत की तारीखें संभावित हैं। इन्हें आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम न माना जाए।



