रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आज सामाजिक समरसता और एकता की एक नई मिसाल पेश करने जा रहा है। प्रदेशव्यापी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आज, 8 मई को राज्य के सभी जिलों में भव्य सामूहिक विवाह समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर विभिन्न धर्मों और समुदायों के 2300 से अधिक जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार परिणय सूत्र में बंधेंगे। प्रशासन ने इस बड़े आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और हर जिले में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सांस्कृतिक विविधता है, जिसमें हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और बौद्ध समुदायों के साथ-साथ विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़े भी शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को समाज में समानता और सम्मान का उत्सव बताया है। उन्होंने कहा कि यह योजना उन गरीब परिवारों के लिए संबल बनी है, जिनके लिए कभी बेटियों की शादी एक बड़ी आर्थिक चिंता हुआ करती थी। अब शासन की इस संवेदनशील पहल ने उस चिंता को गरिमा और विश्वास में बदल दिया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय के कार्यकाल में यह योजना लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। इसी साल 10 फरवरी को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में हुए विशाल आयोजन में 6,412 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ था, जिसे ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में जगह मिली थी। योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के साथ-साथ गृहस्थी का आवश्यक सामान भी प्रदान किया जाता है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर विभाग ने सभी आयोजन स्थलों पर भोजन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि नवदंपति अपने नए जीवन की शुरुआत पूरे सम्मान के साथ कर सकें।

