नीट अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की नई तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। भारत सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद अब यह प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को जारी आधिकारिक नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि छात्रों को इस परीक्षा के लिए दोबारा पंजीकरण कराने की कोई आवश्यकता नहीं होगी।
एनटीए ने राहत देते हुए यह भी साफ किया है कि मई 2026 के सत्र के दौरान छात्रों द्वारा जमा किया गया डेटा और उनके द्वारा चुने गए परीक्षा केंद्रों को ही इस परीक्षा के लिए यथावत रखा जाएगा। इसके अलावा, छात्रों पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं डाला जाएगा और पहले जमा की गई फीस भी रिफंड कर दी जाएगी। एजेंसी इस बार परीक्षा का पूरा खर्च अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगी।
प्रवेश पत्र को लेकर विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि पुराने एडमिट कार्ड अब मान्य नहीं होंगे। परीक्षा के लिए नए सिरे से एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिन्हें छात्र आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in से डाउनलोड कर सकेंगे। एजेंसी ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

