रायपुर: छत्तीसगढ़ में अब शाम ढलते ही हल्की सिहरन के साथ गुलाबी ठंड का एहसास शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर समेत अधिकांश जिलों में शाम होते ही मौसम सुहावना हो रहा है, हालांकि दिन में खिली धूप के कारण अभी तापमान में अधिक गिरावट नहीं आई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन रात के तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बीते 24 घंटों में रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 13.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी रात के पारे में नरमी देखी जा रही है। माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री, बिलासपुर में 19.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 16.0 डिग्री, जगदलपुर व दुर्ग में 20.0 डिग्री और राजनांदगांव में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय अधिकांश जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंडक महसूस हो रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 24 अक्टूबर को भी आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत मौसमी तंत्र सक्रिय हो रहा है, जो मौसम का रुख पूरी तरह बदल देगा। दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र 24 अक्टूबर को अवदाब, 25 अक्टूबर को गहन अवदाब और 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू होगा, जबकि 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इस चक्रवाती तूफान का व्यापक असर पड़ोसी राज्य झारखंड में भी देखने को मिलेगा। राजधानी रांची में 24 अक्टूबर को सुबह-शाम ठंडक के साथ अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम बदलेगा और 28 व 29 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।


