अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में प्रस्तावित चार बॉक्साइट खदानों की पर्यावरण स्वीकृति (Environmental Clearance) को लेकर आज से जनसुनवाई शुरू होने जा रही है। इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा के मद्देनजर जनसुनवाई स्थलों पर कार्यपालिक दण्डाधिकारियों (Executive Magistrates) की भारी प्रशासनिक तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनसुनवाई का पूरा कार्यक्रम अलग-अलग तारीखों में सुबह 11 बजे से निर्धारित किया गया है, जिसका पूरा ब्योरा इस प्रकार है:
-
23 जून 2026 (आज): तहसील कार्यालय नर्मदापुर के सामने, मैनपाट।
-
24 जून 2026: शासकीय प्राथमिक शाला पथरई के प्रांगण में, ग्राम पथरई, मैनपाट।
-
01 जुलाई 2026: कमलेश्वरपुर हाई स्कूल परिसर (थाना के बगल में), मैनपाट।
-
02 जुलाई 2026: माध्यमिक विद्यालय सरभंजा, मैनपाट।
एसडीएम सीतापुर संभालेंगे कमान, इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
जनसुनवाई के सफल संचालन और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) सीतापुर श्री फागेश सिन्हा को पूरे कार्यक्रम का ओवरऑल प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, अलग-अलग जनसुनवाई स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कार्यपालिक दण्डाधिकारियों को मजिस्ट्रियल दायित्व सौंपा गया है। इन अधिकारियों में मैनपाट के तहसीलदार श्री उमेश्वर सिंह बाज, सरगुजा की तहसीलदार सुश्री चित्रलेखा, उप तहसील राजापुर के नायब तहसीलदार श्री निखिल श्रीवास्तव, सीतापुर के नायब तहसीलदार श्री राजेश यादव व श्री उमेश तिवारी, और सरगुजा जिले की अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती उषा नेताम शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून हाथ में लेने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

