रायपुर:
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नितिन नबीन 15 नवंबर को अपने पहले आधिकारिक प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। अपने इस एक दिवसीय दौरे के दौरान वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष आमंत्रण पर हो रहे इस प्रवास को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन और प्रशासनिक स्तर पर जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से पहले प्रदेश भाजपा की नवनियुक्त प्रभारी स्मृति ईरानी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सीधे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ जाएंगी, जहां वे कार्यक्रम स्थल, मंच व्यवस्था, सुरक्षा और संगठनात्मक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण करेंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पूर्व प्रदेश प्रभारी की यह जमीनी सक्रियता दर्शाती है कि पार्टी इस आयोजन और जनजातीय गौरव दिवस को राजनीतिक व संगठनात्मक रूप से कितना महत्वपूर्ण मान रही है।
धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा के कई दिग्गज नेता, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य और प्रमुख आदिवासी जनप्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद नितिन नबीन का यह पहला दौरा राज्य के आदिवासी अंचलों में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के लिहाज से बेहद अहम साबित होगा। प्रदेश की सियासत में इस दौरे और बड़े शक्ति प्रदर्शन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


