अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के निर्देशानुसार, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र अम्बिकापुर द्वारा आगामी 27 जून 2026 को एक बड़े संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले का आयोजन राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर के ऑडिटोरियम हॉल में किया जाएगा। मेले का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। रोजगार मेले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें निजी क्षेत्र की कई नामी कंपनियों द्वारा तकनीकी (Technical) और गैर-तकनीकी (Non-Technical) श्रेणी के लगभग 2000 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए सीधे साक्षात्कार (इंटरव्यू) लिए जाएंगे।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी रोजगार मेले में शामिल होने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए विभाग ने कुछ जरूरी गाइडलाइन जारी की है। मेले में भाग लेने के लिए आवेदकों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता से संबंधित सभी मूल प्रमाण-पत्र और उनकी फोटोकॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो, वैध पहचान-पत्र (जैसे वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) और यदि कोई पूर्व अनुभव हो, तो अनुभव प्रमाण-पत्र लेकर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
पोर्टल या ऐप पर पहले ही कर लें पंजीयन प्रशासन ने इच्छुक आवेदकों को सलाह दी है कि वे भीड़ और असुविधा से बचने के लिए पहले से ही छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल (www.erojgar.cg.gov.in) अथवा ‘छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप’ के माध्यम से अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन (पंजीयन) जरूर करा लें। हालांकि, विभाग ने यह राहत भी दी है कि जिन अभ्यर्थियों ने किन्हीं कारणों से अब तक अपना पंजीयन नहीं कराया है, वे मेले के दिन मौके पर भी उपस्थित होकर या ऑनलाइन माध्यम से अपना तत्काल रजिस्ट्रेशन कराकर साक्षात्कार की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

