बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और काम को लेकर चर्चा में हैं। शाहरुख खान और ऋतिक रोशन जैसे बड़े सितारों के साथ फिल्मों में काम कर चुके शरद कपूर ने अब फिल्म इंडस्ट्री से काम देने की अपील की है। उनका एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने चार पालतू कुत्तों को दूसरी जगह भेजते समय भावुक नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को देखकर उनके प्रशंसक भी चिंतित हो गए हैं।

चार पालतू कुत्तों को दूसरी जगह भेजते समय हुए भावुक
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शरद कपूर अपने चार पालतू कुत्तों को विदाई देते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वह अपने आंसू रोकने की कोशिश करते नजर आए। पशु कल्याण कार्यकर्ता हेमा चौधरी के मुताबिक, कुत्तों को कुछ समय के लिए दूसरी जगह रखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शरद कपूर ने अपने पालतू कुत्तों को छोड़ा नहीं है।
बॉलीवुड और फिल्म निर्माताओं से की काम देने की अपील
अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने इंस्टाग्राम पर शरद कपूर से जुड़ा वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने फिल्म और मनोरंजन जगत के लोगों से अभिनेता को काम देने की अपील की।
वीडियो में शरद कपूर कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह फिलहाल अच्छे काम की तलाश में हैं और दोबारा अपने अभिनय करियर की शुरुआत करना चाहते हैं। उन्होंने फिल्म निर्माताओं, टीवी शो बनाने वालों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों से उन्हें किसी अच्छे किरदार में मौका देने की अपील की।
अभिनेता ने भावुक होकर कहा, “मैं बस अच्छे काम की तलाश में हूं। मुझे आपके समर्थन की जरूरत है। पैसे कोई मुद्दा नहीं है, मुद्दा सिर्फ इतना है कि मैं फिर से काम शुरू करना चाहता हूं।”
उन्होंने जनवरी से दोबारा काम शुरू करने की इच्छा भी जताई।
फुटबॉल खेलते समय लगी थी पैर में चोट
वीडियो में शरद कपूर ने अपनी सेहत को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय उनके पैर में चोट लग गई थी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि फुटबॉल खेलते समय वह खुद को लियोनेल मेसी समझने लगे थे, लेकिन दूसरे खिलाड़ी के पैर से टक्कर लगने के बाद उन्हें चोट आ गई।
शरद कपूर के मुताबिक, डॉक्टर ने उन्हें बताया है कि वह अधिकतम दो महीने में पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।
फिल्मों के साथ OTT पर भी करना चाहते हैं काम
शरद कपूर ने कहा कि वह हिंदी फिल्मों, टीवी सीरियल और OTT प्लेटफॉर्म पर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने Netflix और Jio जैसे प्लेटफॉर्म का जिक्र करते हुए कहा कि आज मनोरंजन की दुनिया में कलाकारों के लिए काम करने के कई अवसर हैं।
अब अभिनेता को उम्मीद है कि फिल्म इंडस्ट्री के लोग उनकी अपील सुनेंगे और उन्हें फिर से अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देंगे।



