रायपुर। राजधानी रायपुर से बलौदाबाजार की ओर जा रही ‘जय अंबे’ ट्रेवल्स की एक यात्री बस शनिवार शाम करीब छह बजे सारागांव के पास उफनते कोल्हान नाले के तेज बहाव में फंस गई। विधानसभा थाना क्षेत्र में घटी इस घटना के वक्त बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। नाले के ऊपर पानी का स्तर बढ़ने के कारण बस में फंसे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और उनकी जान सांसत में आ गई।
पुलिस की हिदायत और यात्रियों की गुहार को ड्राइवर ने किया दरकिनार
नाले में पानी का तेज बहाव देखते हुए विधानसभा थाना पुलिस पहले से ही मौके पर तैनात थी और वाहनों को आगे बढ़ने से रोक रही थी। पुलिसकर्मियों ने बस चालक को भी रुकने और पानी का स्तर कम होने का इंतजार करने की सख्त हिदायत दी थी। इसके साथ ही बस में सवार यात्रियों ने भी सामने पानी का रौद्र रूप देखकर चालक से गाड़ी रोकने की मिन्नतें कीं, लेकिन चालक ने सभी चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए बस को सीधे पानी में उतार दिया।
सामने से आ रहे ट्रकों को साइड देने के चक्कर में फंसी बस
यात्रियों के मुताबिक, उफनते पुल पर बस को आगे बढ़ाने के दौरान सामने से भारी ट्रकों की आवाजाही हो रही थी। ट्रकों को रास्ता देने के लिए ड्राइवर ने जैसे ही बस को किनारे की तरफ मोड़ा, बस का पहिया सड़क से उतरकर तेज बहाव वाले गहरे हिस्से में फंस गया। पानी के तेज थपेड़ों के बीच बस के बीच धार में फंसते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू किए।
ये भी पढ़े छत्तीसगढ़ में सैटेलाइट और GIS से नपेगा एक-एक एकड़ रकबा, खाद्य विभाग और CGCOST में बड़ा MoU























