रायपुर:
देश के स्वाधीनता संग्राम में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान, बलिदान और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देने के लिए छत्तीसगढ़ में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ और ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा है। महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। वहीं, 11 से 18 नवंबर तक पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत विविध शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
धरमजयगढ़ में सजेगी विकास प्रदर्शनी
आदिम जाति विकास विभाग के अनुसार, धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग व रोजगार विभाग द्वारा जनजातीय हितग्राहियों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: पिता के जीवित रहते दादा की संपत्ति में हिस्सा नहीं मांग सकता पोता, जन्मसिद्ध अधिकार का दावा खारिज
शिक्षण संस्थानों में गूंजेगा जनजातीय इतिहास
जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत प्रदेश के सभी शासकीय, निजी विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। माध्यमिक व उच्च स्तर के विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर जैसे अमर नायकों के संघर्ष, आदिवासी जीवनशैली और प्रकृति संरक्षण की उनकी दृष्टि से परिचित कराया जाएगा। इसके लिए निबंध, भाषण, चित्रकला, क्विज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन हो रहा है।

UPI MDR Charges: दिवाली के बाद ₹2000 से ऊपर के मर्चेंट पेमेंट पर कब से लगेगा MDR? जानिए नए नियम और राहतें
विरासत के संरक्षण और स्वाभिमान का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर से लेकर सरगुजा तक फैली विविधतापूर्ण आदिवासी लोकसंस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह आयोजन स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय समाज की अग्रणी भूमिका को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के साथ-साथ विकसित और समावेशी छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराता है।



