सरगुजा विकासखंड बतौली अंतर्गत ग्राम गितकालो स्थित शा. प्रा. शाला में अज्ञात चोरों द्वारा मिड-डे मील के लिए रखी गई खाने का सामग्री चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। जहां घटना के बाद विद्यालय के सहायक शिक्षक ने बीओ कार्यालय में सूचना देकर व बतौली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं जानकारी के अनुसार, शा,प्रा, शाला गितकालो में बच्चों के मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) के लिए रखी गई लगभग 3,000 रुपये मूल्य की सामग्री अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी उस समय हुई जब विद्यालय का ताला खोलकर शिक्षकों ने सामग्री की जांच की, जिसमें आवश्यक सामग्री गायब मिली।
विद्यालय के सहायक शिक्षक ने घटना की सूचना तत्काल बतौली थाना में दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। और अभिभावकों का कहना है कि विद्यालयों में बच्चों के लिए रखी जाने वाली सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं बतौली पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

