**अंबिकापुर/जशपुर।** छत्तीसगढ़ से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (NH-43) पर बीते मंगलवार की रात और बुधवार का दिन हादसों के नाम रहा। हाईवे पर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में कुल तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इन घटनाओं के बाद दोनों ही इलाकों में भारी आक्रोश देखा गया और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।
35 साल का खौफ खत्म: गुमला में थमा बंदूकों का शोर, अब विकास ने दी दस्तक!
## बतौली में पिकअप ने जीजा-साले को कुचला, दोनों की मौत
पहली घटना सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-43 पर मंगारी फैमिली ढाबा के सामने मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे हुई। यहाँ अंबिकापुर की तरफ से सीतापुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार जीजा-साले को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का लापरवाह चालक दोनों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप के सामने का बंपर और नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर ही गिर गए। इस हादसे में साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जीजा ने सीतापुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद NH-43 मंगारी पर जाम लग गया, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और सड़क पर गिरे नंबर प्लेट के जरिए फरार पिकअप की तलाश में जुटी है।
## लोदाम में मिनी ट्रक ने मचाया कोहराम, पूर्व सरपंच के घर में घुसा
अभी बतौली का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि इसी हाईवे (NH-43) पर जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में एक और भयावह दुर्घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। जानकारी के अनुसार जशपुर से सब्जियां लादकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित ट्रक ने रास्ते में दो मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर, एक ऑटो और एक बिजली के खंभे को बेरहमी से रौंद डाला और अंत में एक पूर्व सरपंच के घर में जा घुसी। इस हादसे में भी एक व्यक्ति की मौके पर ही रूह कंपा देने वाली मौत हो गई। दुर्घटना इतनी वीभत्स थी कि मृतक का शव दो हिस्सों में बंट गया, जबकि कई अन्य राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भयानक दृश्य को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रशासनिक लापरवाही पर भड़के ग्रामीण, मुआवजे को लेकर चक्काजाम
लोदाम में हुए हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की व्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि हाईवे के लोदाम टोल प्लाजा पर एंबुलेंस खड़ी होने के बावजूद घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद तक कोई भी मदद या स्वास्थ्य टीम मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासन की इस घोर लापरवाही से नाराज होकर आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर NH-43 पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुआवजे की मांग की। चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर गाड़ियों का लंबा जाम लग गया और मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।
Jashpur News: NH-43 पर तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने मचाया कोहराम; एक की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का चक्काजाम
घटना और चक्काजाम की सूचना मिलते ही जशपुर के एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालने का प्रयास करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देकर और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन देकर सड़क जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं बतौली पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए मार्ग बहाल करा दिया है, लेकिन हाईवे पर लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है।
प्राइवेट स्कूलों को स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के कड़े नियमों से मिली छूट

