Jashpur News: NH-43 पर त
जशपुर । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (NH-43) पर एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा होने की खबर सामने आई है। घटना के बाद से ही इलाके में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
बताया जा रहा है कि जशपुर से सब्जियां लादकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर जमकर कोहराम मचाया और कई वाहनों तथा राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने दो मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर, एक ऑटो और एक बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मारी। रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों और वाहनों को रौंदते हुए ट्रक सीधे पूर्व सरपंच के घर में जा घुसी।
मौके पर ही एक की मौत, शव के हुए दो टुकड़े
इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही अत्यंत दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक का शव दो हिस्सों में बंट गया। इस भयानक दृश्य को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
हादसे के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद तक भी शव को उठाने या घायलों की मदद के लिए कोई एंबुलेंस या प्रशासनिक टीम मौके पर नहीं पहुंची। लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश देखा गया कि एनएच (NH) के लोदाम टोल प्लाजा पर एंबुलेंस खड़ी होने के बावजूद उसे समय पर घटनास्थल के लिए रवाना नहीं किया गया।
मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम
प्रशासनिक लापरवाही और देरी से नाराज आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर NH-43 पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की। चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।
जाम खुलवाने में जुटे एडिशनल एसपी
घटना और चक्काजाम की सूचना मिलते ही जशपुर के एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालने का प्रयास करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देकर और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन देकर सड़क जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

