सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच एक साल बाद दोनों धातुओं के भाव पुराने स्तर के करीब पहुंच गए हैं। बरेली के सराफा बाजार में 21 नवंबर 2025 और 21 नवंबर 2026 के भावों की तुलना में दिलचस्प संयोग देखने को मिला है। कीमतों में आई नरमी से सहालग सीजन में सराफा कारोबार बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
बरेली महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन के दैनिक भावों के अनुसार, 21 नवंबर 2025 को चांदी (पक्की) का भाव 1,553 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, 21 नवंबर 2026 को चांदी की कीमत 1,550 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। दोनों तारीखों के भाव में महज 3 रुपये का अंतर रहा।
सोने की कीमतों में भी लगभग समान स्थिति देखने को मिली। पिछले साल 21 नवंबर को पक्के जेवरात का भाव 1,25,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि इस साल इसी तारीख को कीमत 1,27,000 रुपये रही। इस तरह एक साल के अंतराल में सोने के भाव में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सहालग सीजन में कारोबार बढ़ने की उम्मीद
बरेली महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल मिंटू के मुताबिक, पिछले एक साल में सोने और चांदी की कीमतों में कई बार तेजी और गिरावट देखने को मिली। हालांकि, साल के अंत में दोनों धातुओं के भाव पुराने स्तर के करीब पहुंचने से बाजार में चर्चा है।
उन्होंने बताया कि सहालग का सीजन शुरू हो चुका है। कीमतों में नरमी आने से ग्राहकों की खरीदारी बढ़ सकती है, जिससे सराफा कारोबारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। शादी-विवाह के लिए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों के लिए भी मौजूदा कीमतें राहत देने वाली हो सकती हैं।



