मानदेय ₹30 हजार करने और नियमितीकरण की मांग,
सरकार को दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का आज 19 नवंबर को प्रदर्शन का तीसरा और अंतिम दिन है। 17 नवंबर से प्रदेशभर में जारी इस तीन दिवसीय आंदोलन के समापन पर आज सभी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर ‘काला दिवस’ मनाएंगी।
सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: साल 2027 में मिलेंगी 41 सार्वजनिक छुट्टियां
मानदेय ₹30 हजार करने, 5G मोबाइल और नियमितीकरण की प्रमुख मांग
इस प्रदर्शन के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं राज्य सरकार के समक्ष अपनी वर्षों से लंबित मांगों को प्रमुखता से रख रही हैं। उनकी मुख्य मांगों में नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करना शामिल है। इसके साथ ही कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए 5G मोबाइल फोन उपलब्ध कराने, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करने और पदोन्नति की स्पष्ट व्यवस्था लागू करने की मांग भी की जा रही है।
दिसंबर में प्रांतीय महापड़ाव और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
आंदोलनकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों पर जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। संगठन ने ऐलान किया है कि मांगें न माने जाने की स्थिति में आगामी 11 और 12 दिसंबर को राजधानी में प्रांतीय महापड़ाव डाला जाएगा, और इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर वे प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगी।



