रिटायर होने वाले कर्मचारियों की बढ़ी टेंशन, जानें एरियर और पेंशन बढ़ोतरी का पूरा गणित
नई दिल्ली: देश के करोड़ों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के लागू होने का बेसब्री से इंतजार है। केंद्र सरकार ने करीब एक साल पहले 3 नवंबर 2025 को नए वेतन आयोग से जुड़ा ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ (ToR) जारी किया था। आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कुल 18 महीने का समय दिया गया था, जिसमें से 12 महीने का समय पूरा हो चुका है। पिछले एक साल में आयोग ने देश के विभिन्न हिस्सों में कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकें कर उनकी मांगों और सुझावों को समझा है। माना जा रहा है कि सरकार इसे 1 जनवरी 2026 की प्रभावी तिथि से लागू कर सकती है।
रिटायर हो चुके और होने वाले कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
फाइनल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे कर्मचारियों में सबसे ज्यादा बेचैनी उन लोगों को है जो हाल ही में रिटायर हुए हैं या अगले कुछ महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके मन में यह बड़ा सवाल है कि यदि अंतिम रिपोर्ट आने और लागू होने से पहले वे रिटायर हो जाते हैं, तो क्या उन्हें बढ़े हुए वेतन, पेंशन और मोटे एरियर का लाभ मिलेगा या नुकसान उठाना पड़ेगा।
रिटायर्ड कर्मचारी संगठन ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
इस असमंजस को दूर करने के लिए रिटायर्ड कर्मचारियों के संगठन ‘रिटायर्ड कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन’ (REWA) ने सितंबर 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा था। संगठन ने मांग की है कि 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में संशोधन कर यह स्पष्ट किया जाए कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके सभी पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को भी पेंशन रिवीजन के दायरे में शामिल किया जाए।
कैसे मिलेगा रिटायर कर्मचारियों को एरियर का लाभ?
विशेषज्ञों के अनुसार, आयोग की सिफारिशें लागू होने से पहले रिटायर होने वाले कर्मचारियों को एरियर मिलेगा या नहीं, यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकार नए वेतनमान को किस तारीख से प्रभावी मानती है। उदाहरण के लिए, यदि कोई कर्मचारी साल 2027 में रिटायर होता है और सरकार बाद में इसे 1 जनवरी 2026 से लागू करने की घोषणा करती है, तो उस कर्मचारी को 1 जनवरी 2026 से लेकर उसकी सेवा के अंतिम दिन तक का पूरा बकाया एरियर मिल सकता है।
वेतन के साथ पेंशन के नियमों में भी बड़े बदलाव की उम्मीद
8वें वेतन आयोग के तहत केवल मौजूदा कर्मचारियों की सैलरी ही नहीं, बल्कि पेंशन के नियमों में भी संशोधन होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। हालांकि सरकार की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यदि आयोग की सिफारिशों के आधार पर पेंशन रिवीजन को मंजूरी मिलती है, तो पहले रिटायर हो चुके लाखों पेंशनभोगियों की मासिक पेंशन में भी बड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है।



