अररिया बिहार : बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तिलक समारोह से वापस अपने घर लौट रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरे नहर में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वाहन सवार छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक और घायल सभी सुपौल जिले के एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
तिलक समारोह से लौटते वक्त बीड़ी पुल के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी सात लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे सभी अररिया जिले के सिकटी प्रखंड स्थित भपटियाही गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार देर रात समारोह से घर लौटते समय अररिया-सिकटी मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप अचानक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद स्कॉर्पियो लहराते हुए सीधे नहर में जा समाई।
JCB की मदद से बाहर निकाली गई डूबी हुई स्कॉर्पियो
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और ताराबाड़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो पूरी तरह से नहर के पानी में डूब चुकी थी, जिसके बाद जेसीबी (JCB) मशीन मंगवाकर उसकी मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन के भीतर फंसे सभी सात लोगों को बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में 6 को मृत घोषित किया, गांव में मचा कोहराम
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति का इलाज जारी है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अररिया पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। उधर, इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही सुपौल के थुमहा गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में तब्दील हो गईं।



