रायपुर: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश के प्रबल आसार बन गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम बिगड़ने की आशंका को देखते हुए राज्य में 20 और 21 नवंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान आम लोगों और किसानों को सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
20 नवंबर की दोपहर तट से टकराएगा चक्रवात ‘अकवान’
दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच लैंडफॉल करेगा। तट से टकराते समय हवाओं की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जिसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ेगा।
बलरामपुर में कंपकंपाती ठंड, राजधानी रायपुर में छाए रहेंगे बादल
बारिश की चेतावनी के साथ ही प्रदेश में ठिठुरन भी तेजी से बढ़ गई है। बुधवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में रात का पारा 9.2 डिग्री तक नीचे आ गया। उधर, राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: साल 2027 में मिलेंगी 41 सार्वजनिक छुट्टियां



