अब 3 मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
खडगांव: खडगांव थाना क्षेत्र के सिवनी बाजोपारा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां घरेलू विवाद और रोजाना की मारपीट से तंग आकर एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने ही पति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कारजू राम पुरामे (30 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी मालती पुरामे (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: साल 2027 में मिलेंगी 41 सार्वजनिक छुट्टियां
शराब के नशे में विवाद के बाद सोते समय किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कारजू राम शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर अपनी पत्नी मालती के साथ झगड़ा व मारपीट करता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ था। झगड़े के बाद कारजू राम नशे की हालत में घर की परछी में रखी खाट पर सो गया। इसी दौरान रोज-रोज की प्रताड़ना और मारपीट से परेशान मालती ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सोते हुए पति के चेहरे, गर्दन तथा सीने पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे कारजू राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आज काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर मनाएंगी ‘काला दिवस
खाट पर खून से लथपथ मिला शव, पुलिस ने जब्त की कुल्हाड़ी
वारदात की सूचना मिलने पर मृतक की मां जांगय बाई अपनी बेटी और दामाद के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां परछी में रखी खाट पर कारजू राम का खून से लथपथ शव पड़ा था और खाट के ठीक नीचे खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी हुई थी। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना खडगांव पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सुशील कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पिता की मौत और मां के जेल जाने से अनाथ जैसे हुए तीन मासूम बच्चे
इस पूरी घटना का सबसे मार्मिक और दर्दनाक पहलू यह है कि दंपती के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घरेलू हिंसा की आग में एक झटके में पूरा परिवार बिखर गया है। एक तरफ पिता की मौत हो गई और दूसरी तरफ हत्या के आरोप में मां सलाखों के पीछे पहुंच गई है, जिससे इन तीनों मासूम बच्चों के भविष्य और परवरिश पर गहरा संकट खड़ा हो गया है।



