नई दिल्ली: आगामी 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है। बैंक ने ग्राहकों को स्पष्ट सलाह दी है कि जिन वित्तीय और बैंकिंग कार्यों के लिए शाखा जाना या बैंक कर्मचारियों की सीधी मदद आवश्यक है, उन्हें हड़ताल शुरू होने से पहले ही प्राथमिकता के आधार पर निपटा लें।
लगातार 5 दिन प्रभावित रहेगा सामान्य कामकाज
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बुलाई गई यह हड़ताल आम जनता और कारोबारियों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है: 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत (शनिवार-रविवार) के चलते बैंक बंद रहेंगे।इसके तुरंत बाद 28, 29 और 30 सितंबर को कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल रहेगी। ऐसे में लगातार 5 दिनों तक बैंकों की शाखाओं में सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहने की आशंका है। चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट, लोन प्रोसेसिंग और काउंटर लेन-देन पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
SBI की अपील: डिजिटल प्लेटफॉर्म और कैश मशीनों का लें सहारा
SBI ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल की अवधि के दौरान असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक व डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें:नकदी जमा करने और निकासी के लिए निकटतम ATM, ADWMs (ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीन) तथा ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) का इस्तेमाल करें। रोजमर्रा के लेनदेन, फंड ट्रांसफर, बिल पेमेंट और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए SBI YONO ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI का सहारा लें, ताकि शाखाओं पर निर्भर न रहना पड़े।























