रांची: झारखंड की राजधानी रांची में रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से जूझने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शहर में यातायात को सुगम और रफ्तारदार बनाने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नगर विकास विभाग ने राजधानी में 3 नए अत्याधुनिक फ्लाईओवर निर्माण का मास्टर प्लान तैयार कर लिया है, जिस पर कुल ₹2,335.87 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
इस मेगा प्रोजेक्ट की सबसे खास बात ‘लालपुर-फिरायालाल-डंगराटोली इंटीग्रेटेड फ्लाईओवर’ है, जिसके बनने के बाद लालपुर से फिरायालाल और डंगराटोली की दूरी बिना किसी सिग्नल या जाम में फंसे महज मिनटों में तय होगी।
इन 3 प्रमुख रूटों पर बनेंगे नए फ्लाईओवर:
-
लालपुर-फिरायालाल-डंगराटोली इंटीग्रेटेड फ्लाईओवर:शहर के सबसे व्यस्त और घने कारोबारी क्षेत्र को जाम-मुक्त करने के लिए यह इंटीग्रेटेड फ्लाईओवर तैयार होगा। इससे लालपुर से अल्बर्ट एक्का (फिरायालाल) चौक और डंगराटोली की ओर जाने वाले राहगीरों, व्यापारियों और ऑफिस जाने वालों को जाम से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी और घंटों का सफर मिनटों में सिमट जाएगा।
-
बिरसा चौक से तुपुदाना चौक (टेंडर हार्ट स्कूल के निकट):खूंटी और तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए यह लाइफलाइन साबित होगा। बिरसा चौक के आसपास लगने वाले भारी वाहनों के जाम से राहत मिलेगी।
-
कटहल मोड़ से दलादिली चौक:तेजी से विकसित हो रहे इस नए रिहायशी और कमर्शियल कॉरिडोर पर गाड़ियों की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे रिंग रोड कनेक्टिविटी और आसान होगी।
जाम से मुक्ति और सुनियोजित विकास को गति
नगर विकास विभाग ने तीनों फ्लाईओवर का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य राजधानी के प्रमुख बॉटलनेक चौराहों को सिग्नल-फ्री और सुगम बनाना है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद न केवल ईंधन और समय की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी और रांची का इंफ्रास्ट्रक्चर मेट्रो शहरों की तर्ज पर अपग्रेड होगा।























