रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह बनाई है। वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं के छात्र पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में होने वाली प्रतिष्ठित ‘रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल’ प्रतियोगिता के लिए हुआ है। 28 और 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में दोनों विद्यार्थी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गुरुवार को दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
हर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: सीएम साय मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले, तो वे वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक का युग है और राज्य सरकार का यह निरंतर प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और नवाचार के बेहतर अवसर मिलें। इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे क्षेत्र में सफलता हासिल करना अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायी है।
7 हजार प्रतिभागियों को पछाड़कर बनाई जगह पराक्रम और गौस ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की ‘लेगो लाइन फॉलोअर’ (LEGO Line Follower) श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल कर यह मुकाम पाया है। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने 500 से अधिक रोबोट्स के साथ हिस्सा लिया था, जिनमें से केवल 36 विद्यार्थियों का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। इस श्रेणी में ऐसा रोबोट बनाना होता है जो प्रोग्रामिंग और तार्किक समझ के आधार पर निर्धारित ट्रैक की लाइन को पहचानकर आगे बढ़ सके।
शिक्षकों और मेंटर्स की रही अहम भूमिका विद्यार्थियों की इस सफलता में उनके अभिभावकों, शिक्षकों और मार्गदर्शकों का विशेष योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान स्कूल की प्राचार्य श्रीमती नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ व चीफ मेंटर श्री रवि सिन्हा, एमडी श्रीमती रीना सिन्हा और टीम कोच श्री शौर्य सिन्हा भी मौजूद रहे। सीएम साय ने सभी मार्गदर्शकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।



