JEE Main 2027 Session 1: इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। जेईई मेन 2027 के पहले सत्र के लिए अब तक 12.23 लाख से अधिक उम्मीदवार आवेदन कर चुके हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 10,10,941 उम्मीदवारों ने आवेदन शुल्क भी जमा कर दिया है। जिन छात्रों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, वे 22 नवंबर 2026 तक बिना लेट फीस के अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं।
22 नवंबर तक बिना लेट फीस आवेदन का मौका
NTA की ओर से JEE Main 2027 Registration की प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू की गई थी। पहले सत्र की परीक्षा जनवरी 2027 में आयोजित होनी है। आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक आने के कारण उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते फॉर्म और फीस भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर लें।
खास बात यह है कि 22 नवंबर के बाद भी छात्रों को आवेदन का मौका मिलेगा। उम्मीदवार 23 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक 500 रुपये अतिरिक्त लेट फीस के साथ रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इसके बाद 27 से 29 नवंबर तक आवेदन फॉर्म में सुधार करने की सुविधा दी जाएगी।
आधिकारिक वेबसाइट से ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
इच्छुक उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले वेबसाइट पर उपलब्ध JEE Main 2027 Session 1 Registration लिंक पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। आवेदन शुल्क जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करना न भूलें। भविष्य में एडमिट कार्ड और अन्य प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं के दौरान इसकी जरूरत पड़ सकती है।
जनवरी में इन तारीखों पर होगी परीक्षा
NTA के परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक, JEE Main 2027 Session 1 Exam 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी। हालांकि, बीआर्क के ड्राइंग टेस्ट का आयोजन निर्धारित ऑफलाइन प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
इस परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवारों को बीई, बीटेक, बीआर्क और बीप्लानिंग जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलता है। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी सहित कुल 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी।
आवेदन में परेशानी होने पर यहां करें संपर्क
रजिस्ट्रेशन या फीस भुगतान के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर उम्मीदवार NTA की हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 011-40759000, 011-69227700 और 1800-180-4747 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा उम्मीदवार jeemain@nta.ac.in पर ईमेल भी भेज सकते हैं। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।



