**रायपुर।** छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के परीक्षार्थियों का लंबा इंतज़ार अब खत्म होने वाला है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री **गजेंद्र यादव** ने आधिकारिक घोषणा की है कि 10वीं और 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम कल यानी **बुधवार, 29 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे** एक साथ जारी किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि यह केवल अंकों की घोषणा नहीं है, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
इस वर्ष करीब 5.66 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए थे, जिनमें 10वीं के 3,20,535 और 12वीं के 2,45,785 विद्यार्थी पंजीकृत रहे। परीक्षार्थियों को सफल होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। जो छात्र किसी विषय में उत्तीर्ण नहीं हो पाएंगे, उन्हें मंडल द्वारा सप्लीमेंट्री परीक्षा का अवसर दिया जाएगा।
परिणाम जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट **cgbse.nic.in** या **results.cg.nic.in** पर जाकर अपना स्कोर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर क्लिक करके अपना रोल नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करना होगा।
यदि वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण देरी होती है, तो छात्र SMS के जरिए भी अपना परिणाम जान सकते हैं। कक्षा 10वीं के लिए **CG10** और 12वीं के लिए **CG12** टाइप करके अपना रोल नंबर **56263** पर भेजना होगा।

ज्ञात हो कि 14 मार्च को 12वीं हिंदी का पर्चा लीक होने की वजह से मूल्यांकन कार्य में कुछ विलंब हुआ था। इस विषय की परीक्षा दोबारा 10 अप्रैल को आयोजित की गई थी, जिसके बाद अब परिणाम पूरी तरह तैयार कर लिए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार कर अपने भविष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

