नई दिल्ली / रायपुर / रांची / पटना:
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद अब आंतरिक राज्यों की ओर बढ़ गया है। हालांकि तट पार करने के बाद तूफान की तीव्रता में कमी आई है और यह धीरे-धीरे गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) में तब्दील हो रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से देश का मौसम पूरी तरह बदल चुका है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा सहित देश के 23 राज्यों में भारी बारिश और 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की है।
कैसे तय होती है DA और DR में बढ़ोतरी ? जानिए कैसे तय होती है नई दरें
आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा तबाही, 3 लोगों की मौत
एनडीआरएफ के महानिरीक्षक (आईजी) नरेंद्र सिंह बुंडेला के अनुसार, चक्रवात के टकराने के दौरान आंध्र प्रदेश में भारी नुकसान हुआ है। राज्य में अब तक 3 लोगों की जान जा चुकी है और 31 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में आपूर्ति बाधित हुई है।राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ व स्थानीय आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार तैनात हैं।
छत्तीसगढ़: बस्तर में रेड अलर्ट, 16 जिलों के स्कूलों में छुट्टी
तूफान के चलते छत्तीसगढ़ के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बस्तर संभाग के कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 29 अक्टूबर को 16 प्रमुख जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है:
स्कूल बंद वाले जिले: रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, रायगढ़, राजनांदगांव, जशपुर, कबीरधाम, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बालोद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर, कोरिया और महासमुंद।इसके अतिरिक्त सारंगढ़-बिलाईगढ़ और उत्तर बस्तर कांकेर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 पदों पर भर्ती के लिए सीबीटी परीक्षा 31 अक्टूबर से* *प्रदेश के 24 परीक्षा केंद्रों में शामिल होंगे 34 हजार 604 अभ्यर्थी
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बुधवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा, वहीं करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली नम और सर्द हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। लगातार हो रही बारिश और बादलों के डेरे के चलते दिन के पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे प्रदेशभर में समय से पहले ठंड का अहसास शुरू हो गया। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री गिरकर 26.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि जगदलपुर में यह 5.5 डिग्री की गिरावट के साथ 24.4 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा माना में 25.8, पेंड्रा में 26.0 और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2027 के लिए सार्वजनिक और ऐच्छिक अवकाशों की घोषणा की
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकांश संभागों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। बस्तर संभाग में 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछेक स्थानों पर भारी बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुवार तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहने के बाद शुक्रवार से सिस्टम का असर कम होगा, जिसके साथ ही न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और रात में ठंडक और बढ़ेगी। बेमौसम बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को दोबारा गर्म कपड़े, रेनकोट और छाते निकालने पर मजबूर होना पड़ा है।
झारखंड: 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, रांची में 5.8 डिग्री लुढ़का पारा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से झारखंड में व्यापक बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी हुई है: गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की आंधी और भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। वहीं रांची, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो और जमशेदपुर समेत 9 जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी है। रांची में अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आई है और पारा गिरकर 21 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को भी राज्यभर में बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई है।
बिहार: 22 जिलों में 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी-बारिश का अलर्ट
बिहार के मौसम में भी चक्रवात का सीधा दखल देखा जा रहा है। पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीवान और भोजपुर समेत 22 जिलों में तेज आंधी और झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है।
प्रशासन की हिदायत: 3 नवंबर से पूरी तरह साफ होगा मौसम
आपदा प्रबंधन विभागों ने नागरिकों से अपील की है कि तेज हवाओं और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों, टीन शेड और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 नवंबर से चक्रवाती तंत्र कमजोर पड़ना शुरू होगा और 3 नवंबर से मौसम के पूरी तरह साफ होने की संभावना है।