दुर्ग। शिक्षा संभाग दुर्ग अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में आयोजित होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथि में बदलाव किया गया है। कार्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा, संभाग-दुर्ग द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, अब ये परीक्षाएं 6 दिसंबर 2026 से आयोजित की जाएंगी।

क्यों बदली गई परीक्षा की तारीख?
संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा (संभाग-दुर्ग) द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से 5 दिसंबर 2026 तक दुर्ग जिले में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में तीन बड़े आयोजन होने जा रहे हैं:
- अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस
- राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी
- विज्ञान मेला एवं पुस्तक मेला
इन प्रमुख राज्य स्तरीय आयोजनों की व्यस्तता और व्यवस्थाओं को देखते हुए उक्त अवधि (1 से 5 दिसंबर) के दौरान अर्धवार्षिक परीक्षाओं का संचालन संभव नहीं हो पा रहा था।
सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी
छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग (नवा रायपुर) के 18 नवंबर 2026 के पत्र के संदर्भ में यह निर्णय लिया गया है। संभागीय संयुक्त संचालक ने दुर्ग संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में 6 दिसंबर से अर्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित करें।



