नई दिल्ली/पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ में भगवान सूर्य देव के साथ-साथ ‘छठी मैया’ की भी पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ आराधना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया संतान की रक्षा करने वाली और व्रती को सुख-समृद्धि व दीर्घायु का आशीर्वाद देने वाली देवी हैं। लेकिन श्रद्धालुओं के मन में अक्सर यह जिज्ञासा रहती है कि आखिर छठी मैया की उत्पत्ति कैसे हुई, उनके माता-पिता और पति कौन हैं तथा सूर्य देव को उनका भाई क्यों माना जाता है? आइए जानते हैं इससे जुड़े पौराणिक और लोक परंपरा के दिलचस्प तथ्य।
छठ महापर्व का दूसरा दिन आज: खरना पूजा के साथ शुरू होगा 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत
प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न हुई थीं छठी मैया धार्मिक ग्रंथों और पुराणों में छठी मैया को ‘षष्ठी देवी’ के नाम से जाना जाता है। उन्हें बच्चों की रक्षा करने वाली और उत्तम आरोग्य प्रदान करने वाली अधिष्ठात्री देवी माना गया है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, उनकी उत्पत्ति मूल प्रकृति के छठे अंश से हुई थी, इसी कारण वे ‘षष्ठी देवी’ कहलाईं।

भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री और कार्तिकेय की पत्नी हैं षष्ठी देवी ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड के अनुसार, षष्ठी देवी सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा की ‘मानस पुत्री’ हैं, अर्थात उनकी उत्पत्ति ब्रह्मा जी के मन से हुई थी। चूंकि उनका जन्म किसी सामान्य गर्भ से नहीं हुआ था, इसलिए शास्त्रों में उनकी माता का अलग से कोई उल्लेख नहीं मिलता। वहीं, देवी भागवत पुराण में षष्ठी देवी को ‘देवसेना’ के नाम से भी वर्णित किया गया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, उनका विवाह देवताओं के सेनापति भगवान कार्तिकेय (स्कंद) के साथ हुआ था।
सूर्य देव को क्यों माना जाता है छठी मैया का भाई? बिहार, झारखंड और पूर्वांचल की समृद्ध लोकपरंपराओं और छठ के पारंपरिक लोकगीतों में छठी मैया को भगवान सूर्य की बहन के रूप में पूजा जाता है। यही कारण है कि छठ महापर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ-साथ छठी मैया की आराधना अनिवार्य मानी जाती है। धर्म के जानकारों के अनुसार, सूर्य देव की बहन के रूप में छठी मैया का स्वरूप मुख्य रूप से लोक आस्था और लोकगीतों में प्रचलित है, जबकि पुराणों में उन्हें भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री और षष्ठी देवी के रूप में स्पष्ट पहचान दी गई है।

संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए होती है आराधना छठी मैया को मातृत्व और संतान सुख की रक्षक देवी माना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन और पवित्रता के साथ छठ का कठिन निर्जला व्रत रखने और सूर्य देव व छठी मैया की पूजा करने से संतान को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखी जीवन का वरदान प्राप्त होता है। इसी अटूट विश्वास के साथ करोड़ों श्रद्धालु चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में पूरी श्रद्धा के साथ उपवास रखते हैं।



